गोविंदगढ़ के इंदपुर में पागल कुत्ते का आतंक: आधा दर्जन से अधिक बच्चों व ग्रामीणों को किया लहूलुहान

Apr 19, 2026 - 13:14
Apr 19, 2026 - 13:41
 0
गोविंदगढ़ के इंदपुर में पागल कुत्ते का आतंक: आधा दर्जन से अधिक बच्चों व ग्रामीणों को किया लहूलुहान

पहलवानों की तरह जूझते ग्रामीणों ने कुत्ते को मार गिराया, अलावड़ा सीएचसी में हुआ घायलों का उपचार

गोविंदगढ़ (अलवर) गोविंदगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के ग्राम इंदपुर में एक पागल कुत्ते ने अचानक हमला कर गांव में दहशत फैला दी। कुत्ते के हमले में छोटे बच्चों सहित कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कुत्ते के आक्रामक व्यवहार को देखते हुए ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने बच्चों को बचाने के लिए घरों में दुबक गए।

तेजी से झपटा कुत्ता, ग्रामीणों में मची दहशत:- प्रत्यक्षदर्शियों और घायल सद्दीक खान ने बताया कि कुत्ता इतना आक्रामक था कि उसने रास्ते में आने वाले हर व्यक्ति पर हमला करना शुरू कर दिया। हमले का शिकार हुए लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। पागल कुत्ते ने न केवल इंसानों को बल्कि गांव के अन्य पशुओं और कुत्तों को भी काटकर घायल कर दिया। बाद में ग्रामीणों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत के बाद पागल कुत्ते को मार गिराया, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

अलावड़ा सीएचसी में हुआ उपचार: - सभी घायलों को तत्काल गांव से 8 किलोमीटर दूर अलावड़ा बस स्टैंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। सीएचसी पर मौजूद डॉक्टर महेश मीणा ने बताया कि इंदपुर निवासी सद्दीक खां (30), कुमारी साक्षी (4), सोहल (15), फेजान (8), अवनीश (7), विशाल (18) और सन्हा (8) उपचार के लिए आए थे। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार और एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाने के बाद घर भेज दिया गया है। फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य है।

प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण की मांग: इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में बढ़ते आवारा कुत्तों की समस्या पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................