30 अप्रैल को बैसरोली में होगा जाट समाज का चतुर्थ तहसील स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह; प्रशासनिक सेवा के दिग्गज आईएएस और आईपीएस अधिकारी करेंगे शिरकत
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। श्री वीर तेजा समाज कल्याण सोसायटी, मकराना के तत्वावधान में आगामी 30 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को जाट समाज का चतुर्थ तहसील स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। यह भव्य समारोह सोसायटी के संस्थापक शिल्पकार स्वर्गीय इन्द्रराम बाबल की पावन स्मृति में श्री वीर तेजा मन्दिर, बैसरोली के प्रांगण में संपन्न होगा।
समारोह की तैयारियों को लेकर व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन पूर्व विधायक श्रीराम भींचर एवं पूर्व प्रधान सुमिता भींचर द्वारा बोरावड़ में, पूर्व विधायक रूपाराम मुरावतिया द्वारा मकराना में तथा पूर्व विधायक बिरधाराम बाबल द्वारा गेड़ाकलां में सोसायटी सदस्यों की उपस्थिति में किया गया। समारोह में समाज के युवाओं को प्रेरित करने के लिए कई नामचीन प्रशासनिक अधिकारी शिरकत करेंगे।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट वक्ता के रूप में आरुषी मलिक (आईएएस सचिव एवं आयुक्त, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग), गिरधर बेनीवाल (आईएएस , मुख्य कार्यकारी अधिकारी, गंगानगर), सवाई सिंह गोदारा (आईपीएस , पूर्व पुलिस महानिरीक्षक), हरसुख पुनिया (सेवानिवृत्त जिला जज), भागचन्द भदाल (आरएएस, अतिरिक्त उपायुक्त जेडीए), बलदेव राम धोजक (आरएएस, सचिव पावर ग्रिड), पूर्णाराम बेनीवाल (आरएएस, सेवानिवृत्त अति. मुख्य नगर नियोजक) सहित कई प्रबुद्ध हस्तियाँ उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगी।
सोसायटी के पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह में 01 जनवरी 2025 से अब तक राजकीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों, NEET, IIT, IIM, NIT परीक्षाओं में प्रवेशित छात्र-छात्राओं, बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, राज्य व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों तथा राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत स्काउट/गाइड को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
इस सम्पूर्ण आयोजन का सौजन्य बाबल परिवार, देवनगर (गेड़ाकलां) द्वारा किया गया है। श्री वीर तेजा समाज कल्याण सोसायटी ने समाज के समस्त प्रबुद्धजनों एवं युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर होनहार प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करें।


