हज यात्रा पर रवाना हुए सीटीआई मुजम्मिल कुरैशी, मकराना स्टेशन पर हुआ स्वागत
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कार्यरत मुख्य टिकट निरीक्षक मुजम्मिल कुरैशी के हज यात्रा पर रवाना होने के अवसर पर मकराना रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य अभिनंदन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद शुभचिंतकों और रेल कर्मियों ने उन्हें फूलमालाएं पहनाकर गर्मजोशी से विदाई दी।
सीटीआई मुजम्मिल कुरैशी जोधपुर से मंडोर सुपरफास्ट ट्रेन द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां से वे पवित्र हज यात्रा के लिए प्रस्थान करेंगे। जैसे ही ट्रेन मकराना स्टेशन पहुंची, रेलवे एटीएम मशीन के फैसिलिटेटर गुमान सिंह, अकलियत जमाअत के सचिव आबिद शेख और समाजसेवी लियाकत अली के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने उनका स्वागत किया। विदाई के इस भावुक क्षण में उपस्थित लोगों ने कुरैशी की सुखद, सफल और मंगलमय यात्रा की कामना की।
शुभचिंतकों ने उनसे विशेष आग्रह किया कि वे मक्का-मदीना की मुकद्दस धरती पर देश और प्रदेश में अमन, चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ करें। स्टेशन परिसर पर मौजूद लोगों ने कहा कि हज यात्रा पर जाना हर मुस्लिम के लिए एक पवित्र स्वप्न होता है और कुरैशी का इस पावन सफर पर जाना समाज के लिए गर्व की बात है। इस दौरान स्टेशन पर काफी उत्साह और आत्मीयता का माहौल देखा गया। अंत में कुरैशी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए हज यात्रा के लिए प्रस्थान किया।


