जहाजपुर विकास को मिली रफ्तार: 15 करोड़ की पुलिया शिलान्यास, रेलवे ट्रैक व बड़े प्रोजेक्ट्स की घोषणा
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) क्षेत्र के विकास को नई दिशा देते हुए चावंडिया चौराहा से महाराणा प्रताप चौक नौ चौक तक 15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली हाई लेवल पुलिया का शिलान्यास किया गया। साथ ही महाराणा प्रताप सीनियर सेकंडरी विद्यालय में कक्षा कक्ष एवं डोम निर्माण का भूमि पूजन भी सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम प्रातः 11 बजे विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें महामंडलेश्वर जगदीश पुरी महाराज, सांसद दामोदर अग्रवाल एवं विधायक गोपीचंद मीणा ने भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। इस पुलिया के निर्माण से शहर में जलभराव और आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
सांसद दामोदर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय जहाजपुर के विकास का “स्वर्णिम काल” है। उन्होंने बताया कि नागदी बांध में पानी की समस्या को दूर करने के लिए भुंवार से फीडर बनाकर भराव का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इसके अलावा जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र को नसीराबाद-जिलेंद्री वाया शक्करगढ़ तथा नाथद्वारा-टोडारायसिंह वाया मांडल शाहपुरा नई रेलवे लाइन की सौगात भी मिलेगी।
अपने भाषण के दौरान सांसद ने कई बार जहाजपुर को “यज्ञपुर” कहकर संबोधित किया और बताया कि उन्होंने इसी विद्यालय में 6 वर्ष तक शिक्षा ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि अब 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाले डोम के नीचे 700 से 800 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था होगी।
वहीं विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि क्षेत्र में जल्द ही उप जिला चिकित्सालय का भूमि पूजन, 13.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक फल-सब्जी मंडी, एडीजे कोर्ट और बिजली विभाग के एक्सईएन कार्यालय का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही खेल स्टेडियम का उद्घाटन भी शीघ्र होगा। इस अवसर पर नगर पालिका चेयरमैन नरेश मीणा, नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


