ग्राम रथ अभियान का भव्य शुभारम्भ; अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट से झण्डी दिखाकर रथों को किया रवाना
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं किसानों को ग्लोबल राजस्थान ऐग्रीटेक मीट (ग्राम) व कृषि की आधुनिक तकनीकी के बारे में जानकारी देने के लिए चलाये जा रहे ग्राम रथों को अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर से संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के लिए झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिला कलक्टर कमर चौधरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मृदुल सिंह, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा सहित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए बनाए गए विशेष रथों का निरीक्षण कर एलईडी पर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की फिल्मों का प्रदर्शन देखा तथा प्रचार साहित्य को प्रत्येक ग्राम पंचायत तक वितरण करने के निर्देश दिए। ग्राम रथ 15 दिवस तक प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पहुंच कर एलईडी के माध्यम से योजनाओं की जानकारी देगें तथा क्षेत्र की समस्याओं को शिकायत पेटिका में प्राप्त करेगें।
मुख्यमंत्री का संदेश पहुंचेगा गांव-ढाणी तक-
जिला कलक्टर ने बताया कि ग्राम रथों के माध्यम से ग्राम पंचायत मुख्यालयों तक मुख्यमंत्री के संदेशों का प्रसारण भी किया जाएगा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे अधिकाधिक ग्रामीणजन लाभान्वित हो सकेगें। उन्होंने बताया कि ग्राम आयोजन की जागरूकता के लिये राज्य सरकार के निर्देशानुसार किसानों, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी जायेगी। यह अभियान जिले के नदबई, वैर, भरतपुर एवं बयाना विधानसभा क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत ग्राम रथों के माध्यम से ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, लाभकारी कार्यक्रमों एवं सरकारी सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को सरल एवं प्रभावी तरीके से दी जाएगी। उन्होंने बताया कि योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री, पुस्तिकाएं एवं पैम्पलेट भी उपलब्ध कराऐं जाएंगें। कलाजत्था के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर ग्रामीणों को जागरूक किया जायेगा।
ग्रामीण सुझाव पेटिका में दे सकेगें फीडबैक-
जिला कलक्टर ने बताया कि अभियान के सफल संचालन, समन्वय एवं मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। प्रत्येक पंचायत स्तर पर संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे। ग्रामीण रथों में सुझाव पेटिका में ग्राम आयोजन से संबंधित सुझाव एवं क्षेत्र की समस्याओं को लिखकर रख सकेगें। सुझाव पेटिका के पत्रों को एकत्रित कर राज्य सरकार को पहुंचाया जायेगा। इस अभियान में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, सहकारिता, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पर्यावरण एवं ग्रामीण विकास सहित कुल 13 विभागों की सक्रिय सहभागिता रहेगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी, उपखंड अधिकारी भरतपुर भारती गुप्ता, सहायक निदेशक लोकसेवाएं भारती भारद्वाज, संयुक्त निदेशक कृषि राधेश्याम मीणा, पशुपालन रामकिशन महावर, उपनिदेशक उद्यान जनकराज मीणा, महिला बाल विकास सिकराराम चोयल, अधीक्षण अभियन्ता विद्युत रामहेत मीणा, जल संसाधन बनैसिंह, जलदाय नरेन्द्र वर्मा, विकास अधिकारी सेवर विनय मित्र, पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येन्द्र गोयल, भगवानदास शर्मा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
लोक कलाकार देगें प्रस्तुति-
अभियान के नोडल अधिकारी एवं सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह ने बताया कि ग्राम रथ अभियान के तहत 15 दिवस तक ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए 13 विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी का साहित्य, विधानसभावार राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों की जानकारी की पुस्तिका वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रथों के साथ लगे एलईडी पर राज्य सरकार से प्राप्त लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सभी रथों के साथ स्थानीय लोक कलाकार सरकार की योजनाओं का नुक्कड नाटक एवं लोकगायन के माध्यम से जानकारी देगें।


