ग्राम रथ अभियान बना ग्रामीणों के अधिकारों का माध्यम, रामवती को मिला स्वामित्व पट्टा
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार की कृषक, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु विधानसभा क्षेत्र भरतपुर में संचालित एलईडी मोबाइल वैन ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत गुरूवार को सेवर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत हथैनी में शिविर का आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों की सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई।
अभियान के दौरान स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्राम हथैनी निवासी रामवती पत्नी सुजान सिंह को भूमि का स्वामित्व पट्टा प्रदान किया गया। पट्टा प्राप्त कर लाभार्थी के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।
लाभार्थी की जुबानी
लाभार्थी रामवती ने बताया कि पट्टा बनवाने के लिए काफी समय से प्रयासरत थी लेकिन उनके पास पट्टा नही होने के कारण बैंक से ऋण लेने में परेशानी आ रही थी। गुरूवार को हथैनी में ग्राम रथ अभियान के तहत आयोजित शिविर में पट्टे के लिए आवेदन किया। जिस पर उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता द्वारा संबंधित अधिकारियों से रामवती के पट्टा आवेदन के दस्तावेजों की मौके पर ही पूर्ति करवाई गई। प्रशासन द्वारा शिविर में रामवती को मौके पर स्वामित्व पट्टा सौंपा गया। लाभार्थी रामवती ने बताया कि अब उनकी भूमि पर अधिकार सुनिश्चित हो गया है। अब पट्टा मिलने से वे आसानी से बैंक से लोन लेकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकेंगी।
लाभार्थी रामवती ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। ग्राम रथ अभियान ने एक बार फिर साबित किया है कि सरकार की योजनाएं जब गांव-गांव पहुंचती हैं, तो आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाती हैं।


