‘एक शाम डालीबाई के नाम’ भजन संध्या और प्रतिभा सम्मान समारोह 25 मई को; कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत को सौंपा आमंत्रण
सांडेराव/पाली,(बरकत खान) टीम सिलावटी युवा मोर्चा के बैनर तले आगामी 25 मई 2026 को आयोजित होने वाले भव्य 'एक शाम डालीबाई के नाम' भजन संध्या एवं सिलावटी प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियाँ जोर-शोर से जारी हैं। इस कार्यक्रम को लेकर समाज के युवाओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम की रूपरेखा और मुख्य अतिथि के चयन को लेकर गुरुवार को युवा मोर्चा के संस्थापक अध्यापक छगन बामणिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत से मुलाकात की। पदाधिकारियों ने उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने का भावभीना आमंत्रण सौंपा। साथ ही, मंत्री महोदय के 62वें जन्मदिन के अवसर पर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
संस्थापक छगन बामणिया ने बताया कि इस भव्य भजन संध्या के साथ-साथ सिलावटी समाज की उभरती प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा, ताकि युवाओं को शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके।
इस अवसर पर सांडेराव भाजपा मंडल महामंत्री अमरसिंह राठौड़, उप प्रधानाचार्य सखाराम राठौड़, भामाशाह रताराम जोगसन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपाराम परमार, उपाध्यक्ष मदन मोबारसा, कोषाध्यक्ष खेताराम सोलंकी, नर्सिंग ऑफिसर रतनजी डाबी और उद्घोषक नरेंद्र दमामी सहित टीम सिलावटी युवा मोर्चा के कई सदस्य एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।


