मुंडावर क्षेत्र में अवैध मिट्टी दोहन का खेल बेखौफ जारी, राजस्व को चपत और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का आरोप
मुंडावर (देवराज मीना) खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर उपखंड क्षेत्र में इन दिनों अवैध खनन माफिया सक्रिय हैं। क्षेत्र के रायपुर काली पहाड़ी-टेंडका मार्ग पर बड़े स्तर पर अवैध रूप से मिट्टी दोहन किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन पर ढिलाई का आरोप लगाते हुए इस अवैध गतिविधि को रोकने की मांग की है।
- मशीनों और डंपरों का तांता:
संवाददाता के अनुसार, रायपुर काली पहाड़ी मार्ग पर एलएंडटी (L&T) मशीनों और भारी वाहनों (डंपरों) की मदद से दिन-रात मिट्टी का खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खनन माफिया बिना किसी सरकारी अनुमति के मिट्टी का दोहन कर रहे हैं। भारी वाहनों के आवागमन से न केवल सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, बल्कि सरकारी राजस्व को भी भारी चपत लग रही है।
- हादसे की आशंका और पर्यावरण को खतरा:
क्षेत्रवासियों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार हो रहे अवैध खनन से आसपास की कृषि भूमि और भू-धरातल कमजोर हो रहा है। खनन के कारण बने गहरे गड्ढे भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। साथ ही, मिट्टी के इस अवैध उठान से स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र और पर्यावरण को भी अपूरणीय क्षति पहुँच रही है।


