किशनगढ़ बास में भंडारे का आयोजनः हनुमान जन्मोत्सव पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
खैरथल (हीरालाल भूरानी) समीपवर्ती किशनगढ़ बास शहर के पुराना बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती के अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे दिन आस्था व सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह 11 बजे शुरू हुए भंडारे में दोपहर 4 बजे तक श्रद्धालुओं की पंगत लगातार चलती रही। बड़ी संख्या में भक्त प्रसादी ग्रहण करने पहुंचे, वहीं सेवा देने के लिए स्वयंसेवकों में भी उत्साह देखने को मिला। महिलाओं के बैठने और प्रसादी वितरण की विशेष व्यवस्था गंगा मंदिर में की गई थी।
मंदिर के महंत पंडित कालूराम शर्मा ने बताया कि भंडारे से पूर्व सुबह अखंड रामायण पाठ का समापन किया गया। इसके बाद हवन यज्ञ आयोजित हुआ, जिसमें हनुमान भक्तों ने सामूहिक आहुति दी और महाआरती की गई। श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
