तखतगढ़ सीएचसी में भामाशाह जयंतीलाल बोराणा ने डी-फ्रीज भेंट किया; चिकित्सा स्टाफ ने किया अभिनंदन
तखतगढ़, (बरकत खान) राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तखतगढ़ में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की कड़ी में भामाशाहों का सहयोग निरंतर जारी है। इसी क्रम में स्थानीय भामाशाह जयंतीलाल बोराणा द्वारा चिकित्सा केंद्र को एक नया डी-फ्रीज भेंट किया गया, जिसके उपलक्ष्य में मंगलवार को चिकित्सा स्टाफ और प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा उनका सम्मान किया गया।
सुविधाओं में होगा विस्तार:
चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह राजपुरोहित ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शव मोर्चरी कक्ष के लिए सुविधाओं का अभाव था। भामाशाह जयंतीलाल बोराणा द्वारा डी-फ्रीज भेंट किए जाने से अब मृतकों के परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी और केंद्र की व्यवस्थाएं सुदृढ़ होंगी। डॉ. राजपुरोहित ने कहा कि सीएचसी पर इस प्रकार की जनसुविधाएं बढ़ने से सीधे तौर पर आमजन लाभान्वित होंगे।
भामाशाह के अभिनंदन के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष पारस उर्फ रमेश कुमार घाची, एडवोकेट मनोज नामा, गजेंद्र सिंह राठौड़, जगदीश घाची, कुयाराम, ठेकेदार पिराराम कुमावत, लक्ष्मण राठौड़, खेताराम सुथार, प्रबुराम, दीपेंद्र सिंह सहित नर्सिंग स्टाफ और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित जनों ने भामाशाह के इस सेवाभावी कार्य की सराहना की।


