रामपुरा पाटन विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, 80 लाभार्थियों ने लिया भाग, दिव्यांगजनों को अधिकारों व योजनाओं की दी जानकारी
कठूमर( दिनेश लेखी) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के तत्वावधान में बुधवार को आदर्श पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय रामपुरा पाटन में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार अध्यक्ष अनंत भंडारी एवं सचिव मोहनलाल सोनी के आदेशानुसार संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अशोक कुमार सैनी मुख्य अतिथि रहे।
शिविर में पीएलवी दीपक कुमार ने करीब 80 लाभार्थियों को दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016, विकलांगता प्रमाण पत्र, सरकारी योजनाओं एवं न्याय तक पहुंच विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की कमजोरी नहीं है, बल्कि समान अवसर और सहयोग मिलने पर दिव्यांगजन भी समाज और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने अधिनियम के तहत 21 प्रकार की मान्य दिव्यांगताओं, शिक्षा एवं रोजगार में आरक्षण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, सुगम वातावरण तथा भेदभाव से संरक्षण के अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही UDID कार्ड, छात्रवृत्ति, पेंशन, कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, स्वरोजगार ऋण एवं रेल-बस यात्रा में मिलने वाली छूट संबंधी सुविधाओं के बारे में भी अवगत कराया।
शिविर में बताया गया कि किसी भी प्रकार के अन्याय की स्थिति में दिव्यांगजन निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं, जिसमें मुफ्त वकील, कानूनी सलाह एवं शिकायत दर्ज कराने में सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 15100 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देकर दिव्यांगजनों के सम्मान एवं समान व्यवहार का संदेश दिया गया। इस दौरान राकेश सैन, रविशंकर चौहान, सुभाष जांगिड़, संजीव सिंह, मनीष योगी, राहुल नरूका, श्रीमती योगेश कुमारी सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।


