मानव सेवा की अनूठी पहल: सालवाड़ी में राहगीरों के लिए RO युक्त वाटर कूलर संचालित; अजय एवं आशीष मीणा ने पेश की मिसाल
कठूमर, (दिनेश लेखी) भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच आमजन को राहत देने के उद्देश्य से ग्राम सालवाड़ी में समाजसेवियों द्वारा शीतल पेयजल की सेवा शुरू की गई है। समाजसेवी अजय मीणा (सोनू) एवं आशीष मीणा ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए मुख्य मार्ग पर आमजन की सुविधा के लिए आधुनिक RO युक्त वाटर कूलर स्थापित करवाया है।
24 घंटे उपलब्ध रहेगा शीतल जल:
मुख्य रास्ते पर स्थापित इस वाटर कूलर से यहाँ से गुजरने वाले राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों को 24 घंटे शुद्ध और शीतल पेयजल मिल सकेगा। ग्रामीणों के अनुसार, मीणा परिवार सेवा कार्यों में सदैव अग्रणी रहता है। इससे पूर्व भी उनके द्वारा सालवाड़ी स्थित प्रसिद्ध कुंडा वाले बाबा धाम मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु RO वाटर कूलर लगवाया गया था।
ग्रामीणों ने जताई प्रसन्नता:
समाजसेवियों की इस पहल को जनकल्याण की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। राहगीरों ने इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि चिलचिलाती धूप में पानी की सेवा सबसे बड़ी मानव सेवा है। परिवारजनों ने विश्वास दिलाया है कि भविष्य में भी जनहित और समाज सेवा से जुड़े ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।


