गौशाला स्थापना व किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ की बैठक सम्पन्न
कठूमर (दिनेश लेखी) भारतीय किसान संघ तहसील कठूमर की बैठक मसारी रोड स्थित सुर्री वाले मंदिर परिसर में संघ के जिला अध्यक्ष पदम सिंह डागुर के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन को गांव स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से क्षेत्र में गौशाला स्थापना, कृषि उपज मंडी से संबंधित समस्याएं, किसानों को कृषि आदानों की उपलब्धता एवं उपयोगिता, कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा किसानों को दी जाने वाली योजनाओं और सुविधाओं पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसानों को समय पर खाद, बीज एवं कृषि संसाधन उपलब्ध कराना सरकार और संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान ग्राम समितियों को अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से संगठनात्मक चर्चा भी की गई। पदाधिकारियों ने गांव-गांव जाकर किसानों को संघ से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष गिरधर सिंह, बदन सिंह चौधरी, रूप सिंह चौधरी, विजयपाल चौधरी, विजय सिंह, प्रकाश दादरी, नरसिंह मास्टर सहित अनेक किसान एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


