नौगांवा में जिला स्तरीय ग्राम कृषि महोत्सव आयोजित, किसानों को दी आधुनिक तकनीकों की जानकारी

May 16, 2026 - 19:48
 0
नौगांवा में जिला स्तरीय ग्राम कृषि महोत्सव आयोजित, किसानों को दी आधुनिक तकनीकों की जानकारी

रामगढ़ (राधेश्याम गेरा) श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के कुलगुरु प्रोफेसर पुष्पेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन एवं  डॉ शैलेश गोदिका निदेशक प्रसार शिक्षा निदेशालय के निर्देशन में रामगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के कृषि विज्ञान केंद्र, नौगांव (अलवर) में जिला स्तरीय ग्राम कृषि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 450 से अधिक किसानों ने भाग लेकर कृषि की नवीन तकनीकों एवं नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसार निदेशक डॉ. शैलेश गोदिका ने किसानों की बड़ी संख्या में उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न जिलों में 120 से अधिक कार्यक्रमों के माध्यम से  दिनांक 1 मई से लगातार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं नवाचारों से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कुलगुरु श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने एवं खेती में रसायनों के उपयोग को कम करने और उर्वरकों के संतुलित उपयोग के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने सरसों में तना सड़न एवं पत्ती धब्बा रोग से बचाव हेतु लहसुन के पेस्ट द्वारा बीज उपचार, ट्राइकोडर्मा एवं फफूंदनाशी दवाओं के उपयोग की सलाह दी। साथ ही बीज विक्रेताओं से आग्रह किया कि वे किसानों को केवल परीक्षणित एवं आवश्यक दवाओं की ही सलाह दें।

डॉ. गोदिका ने किसानों को फार्मर आईडी के माध्यम से संतुलित उर्वरक वितरण एवं इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरकारी किस्में निजी कंपनियों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं, इसलिए किसानों को प्रमाणित सरकारी बीजों की ओर बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। कृषि विज्ञान केंद्र नौगांव के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सुभाष चंद्र यादव ने मंच पर उपस्थित अतिथियों एवं किसानों को कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया तथा कृषि नवाचारों को किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। 

पशुपालन विशेषज्ञ रामवतार शर्मा ने किसानों को पशुओं में होने वाले प्रमुख रोगों, संतुलित पशु आहार एवं वैज्ञानिक पशुपालन प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पशुपालन में लगभग 70 प्रतिशत खर्च पशु आहार पर होता है, इसलिए किसानों को घर पर ही पौष्टिक आहार तैयार करना चाहिए। उन्होंने पशु आहार को 4–5 घंटे तक भिगोकर खिलाने एवं प्रोटीन युक्त आहार देने की सलाह दी।

कार्यक्रम में डॉ. सुमन खंडेलवाल ने किसानों को मानव स्वास्थ्य एवं पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग के माध्यम से किसान अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वरोजगार एवं व्यवसाय के अवसर भी विकसित कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने कृषि महाविद्यालय में स्नातक स्तर तक उपलब्ध शिक्षा एवं अलवर जिले के किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।

इसके पश्चात विश्वविद्यालय के निदेशक छात्र कल्याण डॉ. के.सी. शर्मा ने किसानों को खरीफ फसलों की बुवाई से पूर्व ग्रीष्मकालीन गहरी जुताई करने की सलाह दी। उन्होंने योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योग से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। कार्यक्रम में डॉ. संदीप शर्मा ने आत्मा योजना से किसानों को जुड़ने और कृषि विभाग की अनुदान योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। डॉ. राजीव मित्तल  पशुपालन विभाग एवं बच्चू सिंह कृषि विभाग भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा फसलों में आने वाली समस्याओं, विशेषकर ओरोबैंकी जैसे खरपतवार एवं रोग प्रबंधन के उपाय सुझाए। कृषि के नवाचारों पर कृषि विज्ञान केंद्र के साथ इफको, कृभको, कृषि विभाग एवं इब्तिदा संस्था द्वारा कृषि प्रदर्शनी भी लगाई गई 
कार्यक्रम में स्व सहायता समूह की महिलाओं सहित कृषकों ने भाग लिया और नवीनतम जानकारियों का लाभ उठाया। कार्यक्रम का मंच संचालन मनोज जैन द्वारा किया गया, अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. गोपाल लाल जाट ने किया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................