झडाया बजरंग धाम आश्रम से ढाणी भुराला तक 21 मई को निकलेगी विशाल ऐतिहासिक शोभायात्रा
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) उपखंड क्षेत्र के झडाया नगर स्थित ढाणी भुराला में आज, गुरुवार को श्री श्री 1008 श्री दादू दयाल महाराज की सवामणी व पंगत प्रसादी का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।
ढाणी के भगवान राम, साधुराम और हरचंद राम रावत ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि आज गुरुवार को विधि-विधान से हवन व महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसके तुरंत बाद पंगत प्रसादी (भंडारा) शुरू होगी।
इस धार्मिक उत्सव के उपलक्ष्य में आज झडाया बजरंग धाम आश्रम से एक विशाल एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई ढाणी भुराला पहुंचेगी। इस दौरान पूरी यात्रा में साधु-संतों का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया जाएगा। शोभायात्रा के संपन्न होने के बाद मुख्य पंडाल में हवन का कार्यक्रम आयोजित होगा।
यह ऐतिहासिक शोभायात्रा देश और क्षेत्र के ख्यातिप्राप्त संतों की देखरेख में संपन्न होगी, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
-
परम पूज्य श्रीमद् दादू पीठाधीश्वर जगतगुरु आचार्य प्रवर ओमप्रकाश दास महाराज (श्री दादू धाम, नरेना धाम)
-
श्रीमद् जगतगुरु बाहुबली द्वारा आचार्य पीठाधीश्वर बलदेवाचार्य महाराज (दाऊ धाम, काला कोटा)
-
सावताराम महाराज (धनावता धाम)
-
महंत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री सीताराम दास महाराज (झडाया बजरंग धाम आश्रम)
-
हनुमान दास मोनी जी महाराज (हंसनला बालाजी धाम आश्रम)
यज्ञ सेवा समिति के मीडिया प्रभारी अशोक जांगिड़ ने बताया कि इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन और शोभायात्रा के दौरान उदयपुरवाटी के पूर्व भाजपा विधायक शुभकरण चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और संतों का आशीर्वाद लेंगे। कार्यक्रम को लेकर यज्ञ समिति और ढाणी भुराला के ग्रामीणों द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


