मकराना में निशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद शिविर का सफल आयोजन, 57 मरीज ऑपरेशन के लिए जयपुर रवाना
मकराना (मोहम्मद शहजाद) शंकरा आई हॉस्पिटल, जयपुर और महावीर इंटरनेशनल संस्था के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को मकराना के बोरावड़ रोड स्थित बालाजी कॉलोनी में एक विशाल निशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया। यह पुनीत शिविर पूज्य स्वर्गीय श्रीमती कानी देवी (धर्मपत्नी स्वर्गीय श्री बंकटलाल जी जांगिड़) की पुण्य स्मृति में भागचंद, अविनाश जांगिड़ एवं समस्त जांगिड़ परिवार के सौजन्य से लगाया गया। महावीर इंटरनेशनल संस्था के अध्यक्ष सूरज प्रकाश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर में कुल 130 मरीजों की आंखों की गहनता से जांच की गई।
परीक्षण के उपरांत मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए 57 मरीजों को ऑपरेशन के लिए संस्था द्वारा बस के माध्यम से शंकरा आई हॉस्पिटल, जयपुर भेजा गया। शिविर में आंखों की जांच के साथ-साथ आमजन के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा गया।
इस दौरान 130 व्यक्तियों की मधुमेह (शुगर) और ब्लड प्रेशर (बीपी) की भी निशुल्क जांच की गई। साथ ही, पिछले माह जिन मरीजों का नेत्र ऑपरेशन किया गया था, उनके फॉलो-अप के तहत आंखों की पुनः जांच की गई तथा 48 मरीजों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए।
इस जनसेवा के कार्य में महावीर इंटरनेशनल के कई सदस्यों (वीर भाइयों) ने अपनी सक्रिय सेवाएं दीं। इनमें मुख्य रूप से वीर भरत कोचर, वीर प्रदीप कुमार भंसाली, वीर पुखराज लोढ़ा, वीर श्याम सुंदर प्रजापत, वीर मनोज संचेती, वीर संजय धारीवाल और वीर सागर मिश्रा उपस्थित रहे। इसके अलावा आयोजन में लायंस क्लब मकराना मार्बल सिटी के सदस्यों का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। जिनमें क्लब सचिव लायन प्रकाश चौहान, लायन सिद्धार्थ जैन और लायन जितेंद्र कुम्भट आदि ने अपनी सराहनीय सेवाएं प्रदान कर शिविर को सफल बनाया।


