युवा वैज्ञानिक विष्णु कुमार तिवारी को IIT कानपुर से मिली पीएचडी की उपाधि
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) नगर पालिका क्षेत्र के गांव लिली निवासी विष्णु कुमार तिवारी, पुत्र मंगतू राम तिवारी, को Indian Institute of Technology Kanpur से प्रायोगिक संघनित पदार्थ भौतिकी (Experimental Condensed Matter Physics) में डॉक्टरेट (Ph.D.) की उपाधि प्रदान की गई है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
विष्णु कुमार तिवारी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पोद्दार सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लिली से प्राप्त की। उन्होंने स्नातक (B.Sc.) की पढ़ाई Maharaja College Jaipur से पूरी की। विज्ञान के प्रति विशेष रुचि और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के कारण उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए Indian Institute of Technology Kanpur में एम.एससी. (भौतिकी) में प्रवेश मिला।
आईआईटी कानपुर में अपने शोध कार्य के दौरान उन्होंने “3d ट्रांजिशन मेटल आधारित टोपोलॉजिकल सेमीमेटल्स के इलेक्ट्रॉनिक संरचना एवं मैग्नेटोट्रांसपोर्ट गुणों” विषय पर शोध कार्य पूरा किया। उनका शोध आधुनिक क्वांटम पदार्थों तथा टोपोलॉजिकल मैटेरियल्स के विशेष इलेक्ट्रॉनिक एवं चुंबकीय गुणों को समझने पर केंद्रित रहा, जिन्हें भविष्य की स्पिन्ट्रॉनिक्स एवं क्वांटम तकनीकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह शोध कार्य प्रोफेसर जयिता नायक के सानिध्य में किया गया।
वर्तमान में विष्णु कुमार तिवारी Indian Institute of Technology Kanpur में FARE Fellow के रूप में कार्यरत हैं। और संघनित पदार्थ भौतिकी तथा टोपोलॉजिकल मैटेरियल्स पर अपना शोध जारी रखे हुए हैं। भविष्य में वे अपने शोध कार्य को आगे बढ़ाने के लिए किसी यूरोपीय देश में उच्च स्तरीय अनुसंधान करने की योजना बना रहे हैं।
विष्णु कुमार तिवारी की इस सफलता से उनके परिवार, गांव लिली तथा पूरे क्षेत्र अलवर जिले में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के लोगों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

