वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026; जिलेभर में जल संरक्षण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता के कार्यक्रम हो रहे आयोजित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार के निर्देशानुसार वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के अंतर्गत 25 मई से 5 जून 2026 तक जिलेभर में जल संरक्षण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है।
जिला कलक्टर ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक आमजन को जोड़ने के निर्देश दिए है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए गैर-सरकारी संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न प्रोफेशनल समूहों को जोड़ा जाएगा। इस दौरान विचार गोष्ठियां, श्रमदान कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण हेतु दौड़ तथा पर्यावरण संकल्प जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के कार्यक्रमों की श्रृंखला में 27 मई को विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, पशुपालन विभाग, गोपालन विभाग एवं देवस्थान विभाग के सहयोग से गौशालाओं एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही जल संरक्षण विषय पर विचार गोष्ठियां एवं संगोष्ठियां भी आयोजित होंगी।
इसी तरह 28 मई को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं मंडियों सहित सार्वजनिक स्थलों पर वंदे गंगा जल सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त वर्षा जल संचयन, जल बचत एवं जल परीक्षण से संबंधित जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित होंगी। उद्योग विभाग द्वारा सीएसआर कार्यशालाओं का आयोजन कर औद्योगिक संस्थानों में ग्रीन ऑफिस पहल, ऊर्जा ऑडिट एवं ग्रीन बजट जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी।

