संगीत सिंह राणावत बने असंगठित कामगार कांग्रेस के पाली जिला अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
सुमेरपुर विधानसभा प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा ने साफा व माला पहनाकर किया बहुमान; राणावत बोले— "मजदूरों के हक की लड़ाई रहेगी प्राथमिकता"
तखतगढ़ / सुमेरपुर (बरकत खान) अखिल भारतीय असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (केकेसी) ने संगठन विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए पाली जिले में नई जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदित राज एवं राष्ट्रीय समन्वयक प्रमोद गांधी की ओर से जारी आधिकारिक नियुक्ति आदेश के तहत संगीत सिंह राणावत को पाली जिले का कार्यकारी जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
रविवार को नवनियुक्त जिला अध्यक्ष संगीत सिंह राणावत के पालड़ीजोड़ गांव पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। इस दौरान सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा ने राणावत को पारंपरिक साफा और माला पहनाकर उनका आत्मीय बहुमान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नेपाल सिंह पावा, गलथनी के पूर्व उपसरपंच मानसिंह रामनगर, नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष शैतान कुमार, अश्वप्रेमी परबत सिंह सलोदरिया, करण भारती सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हरिशंकर मेवाड़ा, कांग्रेस प्रत्याशी (सुमेरपुर) का कहना है कि- "राणावत लंबे समय से सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं। संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उससे जिले में श्रमिकों और असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों की आवाज को और मजबूती मिलेगी।"
अपनी नियुक्ति पर नवनियुक्त जिला अध्यक्ष संगीत सिंह राणावत ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व और हरिशंकर मेवाड़ा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "संगठन ने मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करूँगा। असंगठित क्षेत्र के कामगारों व कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करवाना और उनके अधिकारों की रक्षा करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी।" उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को जिले में नई ऊंचाइयों पर ले जाने का भरोसा दिलाया।


