प्रभारी मंत्री ने सरसैना एवं बीडीए में जनकल्याण सेवा शिविरों का किया अवलोकन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता-सुरेश सिंह रावत
भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जल संसाधन एवं जल संसाधन (आयोजना) विभाग मंत्री तथा भरतपुर जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत ने सोमवार को वैर उपखंड क्षेत्र के सरसैना में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर तथा बीडीए कार्यालय में आयोजित शहरी सेवा शिविर का अवलोकन कर लाभार्थियों को पट्टे वितरित किए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न 22 विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से प्राप्त परिवादों एवं उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी अभियान के तहत सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है, जिससे लोगों का समय बचे तथा उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आमजन को एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। प्रदेशभर में आयोजित सेवा शिविरों के माध्यम से 22 विभागों की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यह प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत मिशन-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में जनकल्याण एवं सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकांश सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया गया है तथा यदि किसी नागरिक को तकनीकी कठिनाई होती है तो सेवा शिविरों में ई-मित्र के माध्यम से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
सरसैना स्कूल में किया पौधारोपण-
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के संदेश को आगे बढ़ाते हुए प्रभारी मंत्री रावत ने हरियालो राजस्थान के तहत अर्जुन एवं बरगद के पौधे रोपित किए। इस अवसर पर वैर विधायक बहादुर सिंह कोली ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने बीडीए परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर में सेल्फी पॉइंट पर फोटो खिंचवा कर आमलोगों को लाभान्वित कर सेल्फी पॉइंट से अधिकार पत्र वितरित करने के निर्देश दिए।
लाभार्थियों को सौंपे पट्टे एवं स्वीकृति पत्र-
जिला प्रभारी मंत्री ने बीडीए कार्यालय परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर में विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जिनमें कृषि भूमि पट्टा योजना के अंतर्गत 9 पट्टों का वितरण, लीज मुक्त प्रमाण पत्र 1, नाम हस्तान्तरण 9 एवं फ्री होल्ड योजना में 1 पट्टे का वितरण किया गया। सरसैना ग्रामीण सेवा शिविर में उन्होंने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन अभियान के अंतर्गत 2 महिला लाभार्थियों को पोषण किट प्रदान की। ग्रामीण सेवा शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 140 ग्रामीणों की चिकित्सकीय जांच, कृषि विभाग द्वारा 15 कृषि यंत्र वितरण, मृदा सैंपल 75, पशुपालन विभाग द्वारा 229 पशुओं की जांच कर 35 पशु बीमा तथा 1900 पशुओं का टीकाकरण किया गया। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा लाडो प्रोत्साहन में 14 पात्रजनों को लाभान्वित किया गया।
शिविर के दौरान जलदाय विभाग द्वारा 2 टंकियों की सफाई के साथ ही 2 हैंडपंपों की मरम्मत, रसद विभाग द्वारा आधार सीडिंग के 25 व जनआधार मैंपिंग के 5 पात्रजनों को लाभ दिया गया। पंचायतीराज विभाग द्वारा शौचालय हेतु 22 आवेदन स्वीकृत, भूआवासीय 25 पट्टे, घुमंतु जाति में 1 पट्टा, जन्म-मृत्यु के 2 प्रमाण पत्र जारी, 7 सोख्ते खड्डों की सफाई की गई।
इस अवसर पर जिला कलक्टर कमर चौधरी, आयुक्त बीडीए कनिष्क कटारिया, अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी, आयुक्त नगर निगम श्रवण विश्नोई, सरसैना के शिविर में उपखंड अधिकारी वैर गंगाधर मीना, विकास अधिकारी विनय मित्र, जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा, गिरधारी तिवारी, गिरधारी गुप्ता, भगवानदास शर्मा, सतेन्द्र गोयल, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।


