रोहिन नदी में नहाने गए दो मासूम डूबे, एक की मौत; बच्ची की तलाश में एनडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी
गोरखपुर (शशि जायसवाल) तिवारीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को रोहिन नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों के डूबने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में 12 वर्षीय सर्वेश यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 9 वर्षीय पिहू का देर शाम तक कोई पता नहीं चल सका। उसकी तलाश में एनडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्वेश यादव पुत्र सतीश यादव निवासी मानीराम, चिलुआताल थाना क्षेत्र, अपने ननिहाल तकिया कवलदह पथरकट टोला आया हुआ था। वह अपने मामा विक्की यादव के घर ठहरा हुआ था। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह अपनी ममेरी बहन पिहू के साथ घर से निकला और खेलते-खेलते रोहिन नदी के किनारे पहुंच गया। वहां पहले से मौजूद कुछ अन्य बच्चों के साथ दोनों नदी में नहाने उतर गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाने के दौरान सर्वेश और पिहू अचानक नदी के गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे। यह देख अन्य बच्चे घबरा गए और शोर मचाते हुए गांव की ओर दौड़े। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां नदी किनारे बच्चों की चप्पलें मिलीं। बाद में जानकारी हुई कि मौके पर मौजूद दो अन्य बच्चे सुरक्षित घर लौट आए थे और उन्होंने ही घटना की सूचना परिवार को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सर्वेश को नदी से बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं पिहू की तलाश के लिए नदी में लगातार खोजबीन जारी है।
बताया जा रहा है कि सर्वेश दो भाइयों में बड़ा था और कक्षा चार का छात्र था, जबकि पिहू कक्षा दो में पढ़ती थी और दो बहनों में सबसे छोटी थी। दोनों बच्चों के साथ हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
घटना की सूचना पर वार्ड 41 माधोपुर के पार्षद जयंत निषाद मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए प्रशासन से संपर्क किया। इसके अलावा महापौर, विधायक, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित कई प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया तथा एनडीआरएफ को सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए। गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हैं और लापता बच्ची के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।
नदी में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोहिन नदी में कई स्थानों पर अचानक गहराई है, जिसके कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद बच्चों का बिना निगरानी के नदी में नहाने जाना लगातार जारी है। इस घटना ने एक बार फिर नदी और जलाशयों के आसपास सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता को उजागर किया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की निगरानी में एनडीआरएफ की टीम पिहू की तलाश में जुटी हुई है। वहीं सर्वेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे इलाके में मातम का माहौल है और लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं।


