गौचर बचाओ फाउंडेशन द्वारा चरागाह भूमि संरक्षण हेतु सूचना बोर्ड स्थापित
गुरला:-(बद्रीलाल माली) गौचर बचाओ फाउंडेशन द्वारा राजस्थान की अमूल्य चरागाह (गौचर) भूमि के संरक्षण एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से आज ग्राम गुरला, बासंडा, समोडी ओर केवाडा में चरागाह भूमि संरक्षण सूचना बोर्ड स्थापित किये गये। इस अवसर पर फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक गोटू सिंह मंगलपुरा,कालू रेबारी,लादू लोहार, एम एल कुमावत,एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि चरागाह भूमि ग्रामीण क्षेत्र की महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति है, जो गौवंश एवं अन्य पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था का प्रमुख स्रोत है। वर्तमान समय में अनेक स्थानों पर चरागाह भूमि पर अतिक्रमण एवं अवैध उपयोग की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे पशुधन एवं पर्यावरण दोनों प्रभावित हो रहे हैं, इस तरह के 11 हजार बोर्ड भीलवाड़ा जिले में स्थापित किए जाएंगे जिससे चारागाह भूमि अतिक्रमण मुक्त हो पाएगी,
सूचना बोर्ड पर संबंधित चरागाह भूमि का खसरा नंबर, क्षेत्रफल एवं अन्य आवश्यक विवरण अंकित किए गए हैं, जिससे आमजन को भूमि की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके तथा अतिक्रमण की संभावनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। साथ ही बोर्ड पर क्यूआर कोड एवं जनसहयोग की अपील भी प्रदर्शित की गई है।
गौचर बचाओ फाउंडेशन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र की चरागाह भूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार के अतिक्रमण या अवैध गतिविधि की जानकारी संबंधित प्रशासन एवं फाउंडेशन को दें।
फाउंडेशन का लक्ष्य राजस्थान के प्रत्येक गांव में चरागाह भूमि की पहचान कर सूचना बोर्ड स्थापित करना है, जिससे हजारों बीघा गौचर भूमि को सुरक्षित रखा जा सके और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।


