कोटपूतली-अलवर सुपर एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार, 45 मिनट में तय होगा सफर
देवराज मीणा/ मुंडावर
मुण्डावर : पनियाला से बड़ोदामेव तक बनने वाले 86 किलोमीटर लंबे सुपर एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। भूमि अधिग्रहण और मुआवजे से जुड़े अधिकांश मामलों के निस्तारण के बाद परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है। इस महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना के पूरा होने पर कोटपूतली से अलवर का सफर महज 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
परियोजना को दो चरणों में विकसित किया जा रहा है। पहले चरण में 40 किलोमीटर तथा दूसरे चरण में 46 किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण होगा। निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य शुरू कर दिया गया है और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए करीब 1748 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है। सड़क की कुल चौड़ाई 100 मीटर होगी, जिसमें 60 मीटर सड़क मार्ग तथा 40 मीटर हरित पट्टी और अन्य सुविधाओं के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। यह आधुनिक छह लेन एक्सप्रेस-वे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देगा।
परियोजना के तहत पनियाला, बहरोड़ और अलवर में तीन इंटरचेंज, 46 अंडरपास तथा दो फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। भविष्य में इसे नीमराना बायपास से जोड़ने की भी योजना है। यह एक्सप्रेस-वे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे, अलवर बायपास और जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़कर क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
इस परियोजना का लाभ कोटपूतली-बहरोड़, तिजारा और अलवर जिले के करीब 55 गांवों को मिलेगा। सड़क संपर्क बेहतर होने से उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र तक पहुंच आसान होने से क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
एक्सप्रेस-वे के शुरू होने के बाद अलवर से कोटपूतली की यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से मुंबई एवं गुजरात जाने वाले वाहनों को दिल्ली होकर नहीं गुजरना पड़ेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। इसके अलावा क्षेत्र की अन्य सड़कों पर यातायात का दबाव भी कम होगा।
यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी तथा आने वाले समय में पूरे इलाके की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगी।


