झडाया बजरंग धाम में गूंजी मासूम भावेश की सकुशल वापसी की प्रार्थना; 108 कुंडीय महायज्ञ में आहुति देकर मांगी मन्नत

Jun 18, 2026 - 17:33
 0
झडाया बजरंग धाम में गूंजी मासूम भावेश की सकुशल वापसी की प्रार्थना; 108 कुंडीय महायज्ञ में आहुति देकर मांगी मन्नत

सुमेर सिंह राव, उदयपुरवाटी

उपखंड क्षेत्र के झडाया बजरंग धाम आश्रम पर चल रहे भव्य 108 कुंडीय श्री राम महायज्ञ के दूसरे दिन का माहौल उस समय बेहद भावुक हो उठा, जब यज्ञशाला में आहुतियों के साथ-साथ एक लापता मासूम की सकुशल घर वापसी के लिए प्रार्थना की गई। निमोद से पिछले 8 दिनों से लापता 5 वर्षीय मासूम भावेश का अब तक सुराग न लगना पूरे क्षेत्र के लिए गहरी चिंता का विषय बन गया है।

यज्ञाचार्य की अपील पर देव-चरणों में लगाई गुहार

महायज्ञ के दूसरे दिन, यज्ञाचार्य संजय शास्त्री के विशेष निवेदन पर यज्ञशाला में मौजूद सभी विद्वान पंडितों और यजमानों ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान से विशेष प्रार्थना की। यज्ञ उपाचार्य संजय शास्त्री ने बताया कि 5 वर्षीय मासूम भावेश पिछले आठ दिनों से अपने माता-पिता से बिछड़ा हुआ है। पुलिस प्रशासन की टीमें और परिजन रात-दिन एक करके उसे तलाश रहे हैं, लेकिन हजारों प्रयासों के बाद भी अभी तक भावेश का कोई पता नहीं चल पाया है।

8 दिनों से सुराग न मिलना चिंता का विषय

यज्ञ समिति और ग्रामीणों का कहना है कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी बच्चे का न मिलना हम सब की आत्मा को झकझोर रहा है। इसी चिंता को देखते हुए यज्ञनारायण भगवान के दरबार में अर्जी लगाई गई है कि वे उस मासूम की रक्षा करें और उसे शीघ्र से शीघ्र अपने माता-पिता के पास पहुंचाएं।

यज्ञ में जुटे सैकड़ों श्रद्धालुओं की आंखें हुईं नम

जब यज्ञशाला में उपस्थित यजमानों और आचार्यों ने एक साथ हाथ जोड़कर भावेश के लिए मंगल कामना की, तो वहां मौजूद कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। सभी ने एक स्वर में भगवान से प्रार्थना की कि यह महायज्ञ उस परिवार के जीवन में खुशियों की आहुति लेकर आए और बच्चा सकुशल घर लौट आए।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................