नैनवां में सूने हॉस्टल के ताले चटकाए: नकदी-जेवरात के साथ सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर और छात्रों के दस्तावेज भी समेट ले गए चोर

Jun 18, 2026 - 19:16
 0
नैनवां में सूने हॉस्टल के ताले चटकाए: नकदी-जेवरात के साथ सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर और छात्रों के दस्तावेज भी समेट ले गए चोर

नैनवां (बूंदी/राजस्थान) शहर के वार्ड नंबर 23 स्थित ज्योति नगर में अज्ञात चोरों ने एक सूने हॉस्टल को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर इतने शातिर थे कि वे हॉस्टल से नकदी और सोने-चांदी के जेवरातों के साथ-साथ वहां लगे सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, एलईडी टीवी और हॉस्टल के छात्रों के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी चुरा ले गए। घटना के वक्त हॉस्टल संचालक अपने परिवार सहित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे। सूचना मिलने पर पहुंची नैनवां थाना पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।

  • पारिवारिक कार्यक्रम में गया था परिवार, पीछे से साफ कर दिया हाथ

मूल रूप से सवाईमाधोपुर निवासी प्रेमराज मेरोठा ज्योति नगर में एक हॉस्टल का संचालन करते हैं। वे मंगलवार को अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मलारना डूंगर गए हुए थे। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे जब पूरा परिवार वापस लौटा, तो हॉस्टल के मुख्य द्वार पर लगे दोनों ताले टूटे हुए मिले, जिसे देखकर उनके होश उड़ गए।

संचालक की पत्नी अनीता मेरोठा ने बताया कि जब वे हॉस्टल के अंदर दाखिल हुए तो पूरा परिसर अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोरों ने अंदर के सभी कमरों के ताले तोड़ रखे थे और अलमारियों का सामान जमीन पर बिखरा हुआ था।

प्रेमराज मेरोठा, पीड़ित हॉस्टल संचालक का कहना है कि - "चोरों ने हमारे निजी कमरे से चांदी की चेन, बच्चों के कड़ुलिये, पुराने चांदी के बर्तन, सोने की पांच बालियां और करीब 10 हजार रुपए नकद पार कर दिए। सबूत मिटाने के लिए वे हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उखाड़कर ले गए।" 

छात्रों के जरूरी दस्तावेज भी गायब, पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित परिवार के अनुसार, नकदी और जेवरात के अलावा हॉस्टल में रहने वाले कई विद्यार्थियों के महत्वपूर्ण ओरिजिनल दस्तावेज भी गायब हैं, जिससे छात्रों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वारदात के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर भी आस-पास चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

इसके बाद घटना की सूचना नैनवां थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एएसआई नरेंद्र सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर इलाके में संदिग्धों की तलाश और धरपकड़ शुरू कर दी है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................