हाईवे पर हाई-वोल्टेज ड्रामा: NH-48 पर ड्राइवरों का हंगामा, RTO इंस्पेक्टर पर लगाया 'वसूली' का आरोप; पुलिस ने खदेड़ा, राजकार्य में बाधा का केस दर्ज
उदयपुर (राजस्थान) नेशनल हाईवे-48 पर टोल नाका से काया के बीच बुधवार को उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब दर्जनों ट्रक ड्राइवरों ने परिवहन विभाग (RTO) की टीम के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। ड्राइवरों का आरोप है कि आरटीओ इंस्पेक्टर द्वारा हाईवे से गुजरने वाली हर गाड़ी को जबरन रुकवाकर 50 से 100 रुपए की अवैध वसूली की जा रही है, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग रहा है। करीब 40 मिनट तक चले इस हंगामे के बाद दो थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्राइवरों को खदेड़ा। वहीं, आरटीओ विभाग ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए हंगामा करने वाले ड्राइवरों के खिलाफ राजकार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज करवाया है।
- गाड़ी में बैठी रहीं महिला इंस्पेक्टर, 40 मिनट थमा रहा चक्का
चश्मदीदों के अनुसार, हंगामे के दौरान आरटीओ इंस्पेक्टर चंचल माथुर हाईवे किनारे अपनी सरकारी गाड़ी के अंदर ही बैठी रहीं, जबकि बाहर आक्रोशित ड्राइवर आरटीओ प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। बीच हाईवे पर हुए इस विवाद के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
हालात बिगड़ते देख आरटीओ टीम ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद गोवर्धन विलास और सवीना थाना पुलिस का भारी जाब्ता मौके पर पहुंचा और हल्का बल प्रयोग कर ड्राइवरों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू करवाया।
आक्रोशित ट्रक ड्राइवर्स का कहना है कि- "हाईवे पर हर गाड़ी को रुकवाकर 50 से 100 रुपए मांगे जा रहे हैं। एंट्री के नाम पर होने वाली इस मनमानी वसूली से परेशान होकर ड्राइवरों को चक्काजाम करने पर मजबूर होना पड़ा।"
RTO का पलटवार: "चालान से बचने के लिए ड्राइवरों ने रची कहानी"
दूसरी ओर, उदयपुर आरटीओ ज्ञानदेव विश्वकर्मा ने ड्राइवरों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा: "पैसे मांगने जैसी कोई बात नहीं है। ये ड्राइवर नियमानुसार चालान की कार्रवाई से बचने के लिए जानबूझकर हंगामा कर रहे थे। अगर फिर भी कोई शिकायत आती है, तो उसकी जांच कराई जाएगी। फिलहाल हमने हंगामा करने वालों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करा दी है।"
- वीडियो-फोटो से होगी उपद्रवियों की पहचान
आरटीओ के निर्देश पर गोवर्धन विलास थाने में शिकायत दर्ज कराने वाले इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जाम खुलवा दिया गया था। पुलिस को हंगामे के पुख्ता वीडियो और तस्वीरें सौंप दी गई हैं, जिसके आधार पर राजकार्य में बाधा डालने वाले और हाईवे जाम करने वाले ड्राइवरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


