शहरी सेवा शिविर-2026 में जनसेवा प्रकरणों का त्वरित निस्तारण, विभिन्न आवेदनों का हुआ समाधान; पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण स्वीकृत
तखतगढ़ (बरकत खान) नगर पालिका तखतगढ़ के सभागार में गुरुवार को शहरी सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। शिविर में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं एवं जनसेवा संबंधी प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया गया। नगर पालिका प्रशासन द्वारा प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही कार्रवाई कर आमजन को राहत प्रदान की गई।
शिविर के दौरान धारा 69-ए के तहत एक पट्टा आवेदन प्राप्त हुआ, जिसका निस्तारण कर दिया गया। भूखंडों के उपविभाजन एवं पुनर्गठन संबंधी एक आवेदन प्राप्त हुआ, जिसका भी निस्तारण किया गया। भवन निर्माण अनुमति के तीन आवेदन प्राप्त हुए तथा तीनों को स्वीकृति प्रदान की गई। विवाह पंजीयन के छह आवेदन प्राप्त हुए, जिनका उसी दिन निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत प्रथम किस्त के रूप में 15 हजार रुपये के ऋण हेतु प्राप्त एक आवेदन को स्वीकृत किया गया।
नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि शिविर में पट्टे, उपविभाजन एवं पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे, स्टेट ग्रांट के तहत पट्टे, नामांतरण, खांचा भूमि, लीज मुक्त प्रमाण-पत्र, ब्याज में छूट, भवन निर्माण स्वीकृति, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण-पत्र, व्यापार लाइसेंस, साइनेज लाइसेंस, ओएफसी एवं मोबाइल टावर एनओसी तथा ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण किया जा रहा है।
शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, सीसी एवं डामर सड़कों की मरम्मत, पेचवर्क, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, जन एवं महिला सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं, नालियों तथा मैनहोल की मरम्मत एवं आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई जैसे कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
शिविर के प्रथम दिवस पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत भंवरी देवी का 15 हजार रुपये का ऋण आवेदन स्वीकृत किया गया। ऋण स्वीकृत होने पर भंवरी देवी ने राज्य सरकार एवं नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर पालिका के निवर्तमान उपाध्यक्ष मनोज नामा, अधिशासी अधिकारी मगराज चौधरी, निवर्तमान पार्षद, पत्रकारगण एवं नगर पालिका के कार्मिक उपस्थित रहे।


