जनता के ज्ञापन का असर: गोविंदगढ़ में मानसून से पहले युद्धस्तर पर नालों की सफाई शुरू; 15 कर्मचारी, 4 जेसीबी और 8 ट्रैक्टरों की फौज मैदान मे
गोविंदगढ़ (अलवर) कस्बे में मानसून के दौरान होने वाले जलभराव की गंभीर समस्या से निपटने के लिए गोविंदगढ़ नगर पालिका आखिरकार हरकत में आ गई है। लंबे समय से उपेक्षित पड़े लगभग तीन किलोमीटर लंबे मुख्य नाले की सफाई के लिए नगर पालिका ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत युद्धस्तर पर गाद और कचरा हटाने का काम किया जा रहा है।
- ज्ञापन के बाद जागा प्रशासन
गौरतलब है कि कस्बे के भगतसिंह सर्किल, कदम कॉलोनी मार्ग, भारतीयम स्कूल के समीप रामगढ़ रोड और हाल ही में हुई बारिश के दौरान ईदगाह के बाहर की सड़कों पर भारी जलभराव हो गया था। हल्की बारिश में ही बाढ़ जैसे हालात बनने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए हाल ही में कस्बेवासियों और स्थानीय व्यापारियों ने एकजुट होकर नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। जनता के इसी दबाव के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफाई कार्य शुरू कराया है।
- संसाधनों की झोंकी ताकत, अतिक्रमण पर भी चला हंटर
नालों की शत-प्रतिशत सफाई सुनिश्चित करने के लिए पिछले 15 दिनों से 15 कर्मचारी, 4 जेसीबी मशीनें और 8 ट्रैक्टर लगातार काम में जुटे हुए हैं। सफाई अभियान को गति देने के लिए नगर पालिका ने पहले सख्त कदम भी उठाए। नाले के ऊपर रखे गए अस्थायी खोखों और अन्य अतिक्रमणों को हटाने के लिए संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए थे। अतिक्रमण हटने के बाद ही मशीनों को काम पर लगाया गया।
नवीन दुआ, जेईएन, नगर पालिका गोविंदगढ़ ने बताया कि - "हमारा लक्ष्य नालों की पूरी तरह सफाई करना है ताकि इस बार बरसात में जलभराव की समस्या को रोका जा सके। नालों में अत्यधिक मात्रा में कचरा और गाद जमा है। अगर आवश्यकता पड़ी, तो काम को समय पर पूरा करने के लिए अतिरिक्त मशीनरी और श्रमिक भी लगाए जाएंगे।"


