भुसावर में पेड़ पर फंदे से लटका मिला 22 वर्षीय युवक का शव: परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
Or register with email
Join our subscribers list to get the latest news, updates and special offers directly in your inbox
भुसावर (भरतपुर) थाना क्षेत्र के सुहारी गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेत में लगे नीम के पेड़ पर 22 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। सुबह करीब 6 बजे जब परिजन खेत की तरफ गए, तब उन्हें इस घटना का पता चला। सूचना मिलते ही भुसावर थाना पुलिस और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची।
खेतों पर ही बना है परिवार का मकान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुहारी निवासी नरेश (22) पुत्र बच्चू जाटव के रूप में हुई है। नरेश के परिवार का घर खेतों पर ही बना हुआ है। मंगलवार सुबह जब परिजन घर से बाहर निकले, तो थोड़ी ही दूरी पर खेत में खड़े नीम के पेड़ पर नरेश का शव फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। परिजनों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों ने मामले में गहरी साजिश और हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने और मामले को दूसरा रूप देने के लिए शव को पेड़ पर लटकाया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करने की मांग की है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से थाने में कोई औपचारिक लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।
प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला, जांच जारी: थानाधिकारी
रामदयाल मीणा, थानाधिकारी, भुसावर का कहना है कि- "सुबह पेड़ पर युवक का शव लटके होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज होने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
साक्ष्य जुटाने पहुंची FSL की टीम
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) सहित अन्य विशेषज्ञ टीमों को बुलाया। टीमों ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी है।
Please accept the Cookies Store Request.
