कैलादेवी झील का बाड़ा मेला 10 से 26 अक्टूबर तक:24 घंटे चिकित्सा, सीसीटीवी से निगरानी और अतिरिक्त बसों का रहेगा इंतज़ाम

Sep 26, 2026 - 18:15
 0
कैलादेवी झील का बाड़ा मेला 10 से 26 अक्टूबर तक:24 घंटे चिकित्सा, सीसीटीवी से निगरानी और अतिरिक्त बसों का रहेगा इंतज़ाम

बयाना (भरतपुर) कोशलेन्द्र दत्तात्रेय 

प्रसिद्ध कैलादेवी झील का बाड़ा मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले आगामी शारदीय नवरात्रा मेला-2026 को लेकर उपखंड प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार वार्षिक मेला 10 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए उपखंड अधिकारी एवं मेला मजिस्ट्रेट अल्का श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंदिर परिसर में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी से निगरानी

बैठक के दौरान पुलिस, देवस्थान, नगरपालिका, विद्युत, जलदाय, चिकित्सा, परिवहन और पीडब्ल्यूडी (PWD) विभाग के अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए गए। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मेला क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस, होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा के जवान तैनात रहेंगे। यातायात नियंत्रण के लिए भारी वाहनों को रेलवे क्रॉसिंग से पहले और अन्य वाहनों को मंदिर से 2-3 किलोमीटर दूर पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा। जील तिराहे से आगे निजी व लोक परिवहन बसों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

पेयजल, सफाई और निर्बाध बिजली के निर्देश

मेला मजिस्ट्रेट ने जलदाय विभाग को अतिरिक्त टैंकरों की व्यवस्था करने तथा रवि-अमृत कुंड व कालिसिल में पानी का स्तर 3 से 4 फीट बनाए रखने के निर्देश दिए। नगरपालिका को पूरे परिसर में नियमित सफाई, कचरा संग्रहण व अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं विद्युत निगम को निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ ढीले तारों को दुरुस्त करने और अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

24 घंटे चिकित्सा सेवा और अतिरिक्त बस सुविधाएं

श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा, जीवन रक्षक दवाएं, डॉक्टर-नर्सिंग स्टाफ और एंबुलेंस तैनात रहेगी। साथ ही खाद्य पदार्थों की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा दल सक्रिय रहेगा। यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए भरतपुर से झील का बाड़ा तक पर्याप्त रोडवेज बसें चलाई जाएंगी। प्रशासन ने अवैध दुकानों और बिना अनुमति लगने वाले खतरनाक झूलों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की बात कही है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................