शहरी सेवा शिविर-2026 में जनसेवा कार्यों का त्वरित निस्तारण, उपखण्ड अधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
तखतगढ़ (बरकत खां) नगर पालिका सभागार में मंगलवार को शहरी सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। शिविर का उपखण्ड अधिकारी एवं नगर पालिका प्रशासक कालूराम कुम्हार ने औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं के कार्यों एवं प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान भूमि शाखा, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, भवन निर्माण शाखा, नामांतरण प्रकरण तथा जन्म-मृत्यु पंजीयन से संबंधित अभिलेखों की समीक्षा की गई।
शिविर में 69-ए के तहत पट्टों का वितरण किया गया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के 14 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में 50-50 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के एक लाभार्थी को 15 हजार रुपये की प्रथम ऋण किस्त का चेक वितरित किया गया।
उपखण्ड अधिकारी कालूराम कुम्हार ने पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए बैंकों द्वारा ऋण वितरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधकों को शिविर में बुलाकर योजना में तेजी लाने एवं पात्र लाभार्थियों को शीघ्र ऋण स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण किया गया। 69-ए के अंतर्गत प्राप्त तीन आवेदनों में से दो का निस्तारण किया गया। नामांतरण के एक आवेदन का निस्तारण किया गया। विवाह पंजीयन के चारों आवेदन स्वीकृत किए गए। जन्म प्रमाण पत्र के एक आवेदन तथा मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित तीन प्रकरणों का निस्तारण किया गया। भवन निर्माण अनुमति के दो प्रकरणों का भी समाधान किया गया।
नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि शिविर के माध्यम से पट्टा वितरण, उपविभाजन एवं पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे, नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, साइनेज लाइसेंस, मोबाइल टावर एनओसी, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र सहित विभिन्न जनहितकारी कार्यों का निस्तारण किया जा रहा है।
शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, सीसी एवं डामर सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव, नालियों एवं मैनहोल की मरम्मत तथा आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्यवाही भी प्राथमिकता के साथ की जा रही है। इस अवसर पर नगर पालिका के निवर्तमान उपाध्यक्ष मनोज नामा, सहायक प्रशासनिक अधिकारी रतनलाल सांखला सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


