लोकतंत्र सेनानी दयाराम मेठानी से मिले सांसद दामोदर अग्रवाल, संगठन और आपातकाल के अनुभवों पर हुई चर्चा
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल) भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं लोकतंत्र सेनानी दयाराम मेठानी से शनिवार को सांसद दामोदर अग्रवाल ने उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट कर कुशलक्षेम जानी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक विषयों, पार्टी की कार्यप्रणाली और समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सांसद प्रवक्ता विनोद झुरानी ने बताया कि मुलाकात के दौरान सांसद दामोदर अग्रवाल ने दयाराम मेठानी के लंबे राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन के अनुभवों को जाना और संगठन के प्रति उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और लोकतंत्र सेनानियों का अनुभव नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है तथा संगठन की अमूल्य धरोहर है।
चर्चा के दौरान दयाराम मेठानी ने भारत-पाक विभाजन के दौर की स्मृतियों के साथ-साथ देश में लगे आपातकाल के समय के अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि लोकतंत्र की रक्षा के संघर्ष में उन्हें करीब 19 माह तक जेल में रहना पड़ा, लेकिन लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता कभी कमजोर नहीं हुई।
सांसद अग्रवाल ने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष को याद करते हुए कहा कि ऐसे सेनानियों के त्याग और समर्पण के कारण ही देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत बनी हुई है। उन्होंने मेठानी द्वारा पार्टी और समाज के लिए किए गए योगदान को अनुकरणीय बताते हुए उनका सम्मान किया। सांसद अग्रवाल ने आपातकाल को काले अध्याय का नाम दिया।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर मेठानी, सांसद प्रवक्ता विनोद झुर्रानी तथा कल्पेश चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।


