जयपुर में 3 जुलाई से सजेगी “मेरा काम - मेरी पहचान” प्रदर्शनी, महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा
जयपुर (कमलेश जैन) महारानी फार्म स्थित गायत्री नगर में आगामी 3 और 4 जुलाई 2026 को महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को समर्पित दो दिवसीय विशेष प्रदर्शनी “मेरा काम - मेरी पहचान” का भव्य आयोजन होने जा रहा है। मुनिसंघ वैय्या वृत्ति महिला समूह, महारानी फार्म द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी गायत्री नगर-ए स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर के “आदिनाथ भवन” में आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी का समय दोनों दिन प्रातः 10:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक रहेगा।
- सांसद मंजू शर्मा करेंगी उद्घाटन
प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन समारोह 3 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद मंजू शर्मा होंगी, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में दीपा नाथावत एवं एकता अग्रवाल उपस्थित रहेंगी। इस विशेष प्रदर्शनी के उद्घाटन कर्ता श्रेष्ठी अनिल कुमार एवं अमिता गोधा होंगे।
- हस्तनिर्मित उत्पाद और कन्नौज का इत्र रहेंगे मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका प्रमिला शाह ने बताया कि इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के हुनर को एक बड़ा मंच देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा स्वयं तैयार की गई आकर्षक राखियां, साड़ियां, सलवार सूट, बेडशीट, बच्चों के कपड़े, खिलौने, ज्वैलरी और होम डेकोर का सामान बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगा।
इसके अलावा, घर पर तैयार शुद्ध मसाले, विभिन्न खाद्य सामग्रियां और इत्र नगरी कन्नौज का शुद्ध गुलाब जल, गुलकंद एवं बेहतरीन परफ्यूम भी इस प्रदर्शनी के मुख्य आकर्षण होंगे।
- गणिनी आर्यिका विभा श्री माता जी का मिला आशीर्वाद
युवा परिषद् के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि इस भव्य कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन परम पूज्य गणिनी आर्यिका विभा श्री माता जी के पावन सानिध्य में आयोजित धर्म सभा के दौरान किया गया। इस दौरान महिला समूह की पदाधिकारियों ने पूज्य माता जी से मिलकर कार्यक्रम की सफलता के लिए मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
उत्साहवर्धन की अपील: मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने जयपुर की जनता और समाज के सभी प्रबुद्ध लोगों से अपील की है कि वे इस दो दिवसीय प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। उन्होंने कहा कि हमारे समाज की महिलाओं के इस हुनर और उत्साह को संबल देने के लिए हम सभी की उपस्थिति अत्यंत आवश्यक है।


