10वीं के छात्र का घर के पास पेड़ से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी, परिजनों में कोहराम
दौसा जिले के पापड़दा थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्र ने अपने घर के पास स्थित एक पेड़ पर रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह-सुबह किशोर का शव पेड़ से लटका देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा।
पापड़दा थाना इंचार्ज रजत खींची ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सुसाइड के इस घटनाक्रम की जानकारी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। थाना इंचार्ज के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट या ऐसा साक्ष्य नहीं मिला है जिससे आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का पता चल सके।
पुलिस ने बताया कि मृतक छात्र की उम्र 16 वर्ष थी और वह 10वीं कक्षा में पढ़ाई करता था। वह अपने दो भाइयों में छोटा था। छात्र की मौत के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
- मर्ग दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के मुर्दाघर में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और नाबालिग द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।


