लक्ष्मणगढ़ मे बदहाल सड़कों से लोग परेशान, नगर पालिका से सड़क निर्माण की मांग; बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन हो रही दुर्घटनाएं
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन)। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 8 और 19 की मुख्य सड़कें इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही हैं। कस्बे की इस पुरानी आबादी क्षेत्र में स्थित दोनों वार्डों की सड़कों का निर्माण पिछले 20 सालों से नहीं हुआ है, जिससे पूरी सड़क टूट चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। सड़कों की इस दुर्दशा से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालु परेशान स्थानीय निवासी अंकित गुप्ता ने बताया कि वार्ड नंबर 19 बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है, क्योंकि इस रास्ते पर सेड माता मंदिर, हनुमान मंदिर और जैन मंदिर सहित तीन बड़े धार्मिक स्थल स्थित हैं। इन मंदिरों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है, जिन्हें इस टूटी और उखड़ी हुई सड़क के कारण पैदल चलने में भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
हादसों को न्योता दे रहे गड्ढे, उड़ती धूल से सांस की बीमारी का खतरा- सड़क की जगह-जगह से ईंटें उखड़ चुकी हैं और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इसके चलते आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी नारकीय हो जाती है। इसके अलावा, सूखी सड़क से उड़ने वाली धूल-मिट्टी के कारण स्थानीय बुजुर्गों और बच्चों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। इस बदहाली का असर स्कूली वाहनों और एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं पर भी पड़ रहा है, जिन्हें वार्ड में पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ती है।
जल्द निर्माण न होने पर आंदोलन की राह- जनहित और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इन सड़कों का शीघ्र तकनीकी निरीक्षण करवाया जाए और बजट पास कर निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन ने इस ओर जल्द ध्यान नहीं दिया, तो उन्हें मजबूरी में आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ेगा।


