कनवाडा जोहड में पानी की कमी से मछलियों की हो रही है मौत, अन्य जल जीवो को भी हो रही परेशानी
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) नगर पालिका क्षेत्र के कनवाडा जोहड़ में पानी की कमी और ऑक्सीजन के अभाव के कारण मछलियों की लगातार मौत हो रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस गंभीर स्थिति से दुर्गंध और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है, जिसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन को तुरंत बचाव कार्य पानी का स्तर बढ़ाना शुरू करने की आवश्यकता है।
भीषण गर्मी और पानी की कमी के कारण तालाब में घुलित ऑक्सीजन का स्तर तेजी से गिर रहा है, जिससे मछलियां दम घुटने से मरने लग रही हैं। जागरूक नागरिकों ने बताया कि पूर्व में लिखित पत्र के माध्यम से सूचना देने के बाद भी आज तक कोई कार्यवाही नहीं होने से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
जोहड में सड़े हुए पानी और मृत मछलियों के कारण पूरे जलाशय में संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है, जो अन्य जलीय जीवों की जान भी जोखिम में डाल रहा है। मरी हुई मछलियों के सड़ने से आसपास के क्षेत्र में भयंकर दुर्गंध फैल रही है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने टैंकरों या पंपों के माध्यम से जोहड़ में ताजा पानी छोड़ने की मांग अभिलंब प्रशासन से की है। मरी हुई मछलियों को तुरंत बाहर निकालकर सुरक्षित रूप से दफनाया जाना चाहिए ताकि पानी और अधिक दूषित न हो।


