जाडला गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का हुआ भव्य अनावरण; जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में गूंजे समानता के संदेश
कठूमर (दिनेश लेखी) उपखंड क्षेत्र के गांव जाडला में रविवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का भव्य अनावरण कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाजसेवी, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा बाबा साहब के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भरतपुर सांसद संजना जाटव रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जाडला ग्राम पंचायत प्रतिनिधि हरिकिशन मौजूद थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में हिंडौन विधायक अनीता जाटव, बयाना के पूर्व विधायक अमरसिंह जाटव तथा जिला पार्षद मुन्नी देवी खोंखर उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों का ग्रामीणों द्वारा साफा व माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा के अनावरण एवं माल्यार्पण के साथ हुई।
मुख्य अतिथि सांसद संजना जाटव ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं, जो समाज को समानता, न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूक करती है। उन्होंने कहा कि जब तक देश में बाबा साहब के विचारों की रोशनी बनी रहेगी, तब तक किसी भी देशवासी के साथ अन्याय नहीं हो सकता। उन्होंने युवाओं से बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
हिंडौन विधायक अनीता जाटव ने कहा कि बाबा साहब ने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया और उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। पूर्व विधायक अमरसिंह जाटव ने कहा कि हमें बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलकर समाज में भाईचारा और एकता को मजबूत करना चाहिए।
जिला पार्षद मुन्नी देवी खोंखर ने भी बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए उनके सिद्धांतों को अपनाने की बात कही।
मंच से अन्य वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा देश को दिए गए संविधान की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और अतिथियों के साथ मिलकर बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
अंत में उपस्थित सभी लोगों ने बाबा साहब के आदर्शों पर चलने, सामाजिक समरसता बनाए रखने तथा शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन स्थानीय समिति के सदस्यों द्वारा किया गया। इस मौके पर सोमेश्वर चौधरी कठूमर, लक्ष्मीकांत भारतीय, विजय जाटव जाडला, शिवदयाल रिटायर्ड प्रिंसिपल, मोती सिंह, दौलत राम, दिनेश शर्मा मथुराहेडा, लखन डायरेक्टर, सुरेंद्र टिटपुरी, अजय जाटव, भागचंद, मानसिंह, रामदेव, सहित स्थानीय समाज के वरिष्ठजन, युवा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

