सांख्यिकी अधिकारी दीपक कुमार शर्मा 'स्टार परफॉर्मर' सम्मान से नवाजे गए; जनाधार योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग ने किया सम्मानित
अलवर। (दिनेश लेखी)। आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, अलवर द्वारा 20वें सांख्यिकी दिवस के अवसर पर एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनाधार योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सांख्यिकी अधिकारी दीपक कुमार शर्मा को "स्टार परफॉर्मर ऑफ स्टैटिस्टिक्स डिपार्टमेंट-2026" के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें मुख्य अतिथि एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रशस्ति-पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की गई।
सांख्यिकी अधिकारी दीपक कुमार शर्मा ने जनाधार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, आंकड़ों के सटीक संकलन, विश्लेषण एवं विभागीय कार्यों के सफल संचालन में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके इसी उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए विभाग द्वारा उन्हें इस विशेष पुरस्कार के लिए चुना गया।
29 जून 2026 को आयोजित इस भव्य सांख्यिकी दिवस समारोह में आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की उप निदेशक प्रीति यादव ने दीपक कुमार शर्मा को प्रशस्ति-पत्र एवं आकर्षक स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विभाग ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य कर विभाग एवं अलवर जिले का नाम रोशन करते रहेंगे।
- सहकर्मियों में हर्ष की लहर
दीपक कुमार शर्मा को यह सम्मान मिलने से विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों में जबरदस्त हर्ष का माहौल है। उनके सहकर्मियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनकी कड़ी मेहनत, ईमानदारी और बेहतरीन कार्यकुशलता का परिणाम है। जनाधार योजना के सफल क्रियान्वयन में उनके इस योगदान को विभाग के अन्य कर्मचारियों के लिए भी एक प्रेरणादायी उपलब्धि माना जा रहा है।


