बरसात से पहले जल निकासी, सड़क मरम्मत और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करें-जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिले में आगामी मानसून को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को बरसात से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने नगर निगम एवं भरतपुर विकास प्राधिकरण को संयुक्त रूप से ड्रेनेज प्लान के अनुसार शहर में जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नालों की व्यापक सफाई, फेरो कवरों की जांच तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में पंप लगाने के लिए पूर्व निर्धारित स्थान चिन्हित करने को कहा। साथ ही शहर में एकत्रित कचरे एवं नालियों में जमा प्लास्टिक व अन्य अपशिष्ट को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्माणाधीन सड़कों के समीप आमजन की सुविधा के लिए इंटरलॉकिंग सहित वैकल्पिक मार्ग विकसित करने तथा पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले की शहरी, ग्रामीण एवं राज्य राजमार्गों की सड़कों पर गड्ढों की पहचान कर शीघ्र पैच रिपेयर कराने को कहा। विद्युत निगम को अछनेरा रोड निर्माण में बाधक विद्युत खंभों को हटाने और संबंधित टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जल संसाधन विभाग को सभी बांधों की पाल, गेटों और अन्य संरचनाओं का निरीक्षण कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों से संवाद कर स्थानीय समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं जलदाय विभाग को शहरी क्षेत्रों में नियमित एवं शुद्ध पेयजल आपूर्ति बनाए रखने तथा बरसात के दौरान पाइपलाइन लीकेज का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार ट्यूबवेलों पर शीघ्र विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को बरसात से पूर्व विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त भवनों में शिक्षण कार्य नहीं कराने तथा आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 1 जुलाई से शुरू होने वाले हरियालो राजस्थान अभियान के तहत सभी विभाग बेहतर कार्ययोजना बनाकर शत-प्रतिशत पौधारोपण का लक्ष्य हासिल करें और पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दें। शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को प्रतिदिन शिविरों में उपस्थित रहकर आमजन को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा विभाग को आयुष्मान कार्ड वितरण, लाडो योजना के लाभार्थियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा क्षय रोगियों को पोषण किट वितरित कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने को कहा।
इसके अलावा रसद विभाग को राशन कार्डों में नए नाम जोड़ने एवं लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का सत्यापन करने तथा सभी विभागों को अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद मृदुलसिंह, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन राजीव शर्मा, सहायक निदेशक लोकसेवाए भारती भारद्वाज, एसडीएम भारती गुप्ता, अधीक्षण अभियंता विद्युत रामहेत मीना, सार्वजनिक निर्माण विभाग वीसी मीना, जलदाय एनके वर्मा, जलसंसाधन बनैसिंह, एसीपी पुष्पेंद्र कुंतल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


