बीडीए आयुक्त ने विभिन्न विकास कार्यों का किया निरीक्षण, मानसून से पूर्व कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) आयुक्त, भरतपुर विकास प्राधिकरण कनिष्क कटारिया ने सोमवार को शहर में प्रगति पर चल रहे विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का मौका निरीक्षण किया।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए सभी विकास कार्यों में अपेक्षित गति लाई जाए तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक कार्य की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से शहर के जलभराव संभावित क्षेत्रों की पूर्व पहचान कर प्रभावी जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवश्यकतानुसार पम्प सेटों की उपलब्धता एवं त्वरित स्थापना की व्यवस्था रखने के भी निर्देश दिए, ताकि वर्षा ऋतु के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन एवं मशीनरी पूर्व से तैयार रखें तथा विकास कार्यों की सतत समीक्षा करते हुए उन्हें समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सारस चौराहे से बीडीए सर्किल तक सड़क निर्माण, एम.एस.जे. कुंडा, आरबीएम अस्पताल से चांदपोल तक सड़क निर्माण, नई मंडी श्मशान विकास कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने किशोरी महल के समीप स्थित भवन के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य, बांके बिहारी मंदिर परिसर के जीर्णाेद्धार, गंगा मंदिर के अग्रभाग के सौंदर्यीकरण एवं मरम्मत कार्य, कुम्हेर गेट, मंडी तिराहा तथा मथुरा बाईपास के सहारे निर्मित हो रहे नालों के निर्माण कार्य की गुणवत्ता को देखा। उन्होंने टीम के साथ सरसों अनुसंधान केंद्र से चामड़ मंदिर, हीरादास एवं काली बगीची होते हुए शीशम तिराहे तक मॉडल रोड निर्माण तथा गणेश नगर में सीसी सड़क निर्माण सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता योगेश माथुर, अधिशाषी अभियंता डी.पी. शर्मा, बृजेश कुमार, बनवारी लाल एवं जगदीश शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


