जिला स्तरीय स्वीकृति समिति की बैठक सम्पन्न, निवेश प्रोत्साहन योजनाओं के प्रकरणों पर हुआ विचार-विमर्श
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना-2024 अंतर्गत जिला स्तरीय स्वीकृति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन तथा उद्योगों को प्रोत्साहन प्रदान करने से संबंधित विभिन्न प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा कर निर्णय लिए गए।
जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीतियां उद्योगों को बढ़ावा देने, नए निवेश आकर्षित करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निवेशकों के प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि जिले में औद्योगिक विकास को और अधिक गति मिल सके।
बैठक में एमएस महावीर स्टोन क्रेशर, ग्राम मालपुर, तहसील भुसावर तथा एमएस श्रीकृष्ण इंडस्ट्रीज एंड ऑयल मिल, नदबई द्वारा लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर श्रेणी में राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना में लाभ प्रदान किया गया। समिति ने एमएसएमई इकाइयों एवं सोलर पावर प्लांट परियोजनाओं से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक सीएम गुप्ता ने राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना में पात्र ईकाईयों के बारे में समिति के समक्ष प्रकरण रखे। इस अवसर पर समिति के सदस्यगण, उद्योग विभाग, वित्तीय संस्थाओं एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


