उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति के 14,095 आवेदन लंबित, 31 जुलाई तक निस्तारण के निर्देश
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत विद्यार्थियों शैक्षणिक सत्र 2024-25 एवं 2025-26 के अंतर्गत शिक्षण संस्थान स्तर पर 4,769 तथा विद्यार्थी स्तर पर 9,327 आवेदन लंबित हैं, जिससे कुल 14,095 छात्रवृत्ति आवेदन लम्बित हैं।
संयुक्त निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग श्याम सुन्दर शर्मा ने बताया कि लंबित आवेदनों के समय पर निस्तारण न होने के कारण पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विभाग द्वारा जिले के समस्त शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे विशेष अभियान चलाकर अपने संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थियों से संपर्क स्थापित करें एवं सभी लंबित आवेदनों का नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए 31 जुलाई 2026 से पूर्व कार्यालय को अनिवार्य रूप से अग्रेषित करें। उन्होंने बताया कि यदि निर्धारित समयावधि तक आवेदन पूर्ण नहीं किए जाते हैं और विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते हैं, तो इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित शिक्षण संस्थान एवं स्वयं विद्यार्थी की होगी।


