राज सखी मेला महिलाओं के स्वावलंबन की सशक्त पहल - जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्व प्रिय शास्त्री उद्यान में 28 जनवरी तक आयोजित किए जा रहे राज सखी मेले का शुभारंभ जिला कलक्टर कमर चौधरी द्वारा किया गया। शुभारंभ अवसर पर जिला कलक्टर ने विभिन्न जिलों से आई राजीविका महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर उनके द्वारा निर्मित उत्पादों की सराहना की।
जिला कलक्टर ने मध्य प्रदेश, दौसा, बूंदी, सवाई माधोपुर, डीग, झालावाड़, कोटा, सीकर, बीकानेर सहित भरतपुर जिले के नगर, रूपवास, बयाना, नदबई, भुसावर, सेवर आदि क्षेत्रों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर पहुंचकर उत्पादों की गुणवत्ता, प्रस्तुति एवं विविधता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है, जिसके तहत राजीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
उन्होंने भरतपुरवासियों से अपील करते हुए कहा कि राजीविका बहनों द्वारा तैयार किए गए उत्पाद उच्च गुणवत्ता वाले हैं। आमजन अपने परिवार एवं मित्रों के साथ राज सखी मेले में आकर खरीददारी करें, जिससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिले और उनका आत्मविश्वास और अधिक बढ़े।
विभिन्न उत्पादों की लगी 60 से अधिक स्टॉलें
जिला राजीविका प्रबंधक भारती भारद्वाज ने बताया कि मेले में विभिन्न स्थानों की महिलाओं द्वारा 60 से अधिक स्टॉलें लगाए गए हैं। इनमें खाद्य उत्पादों के अंतर्गत मसाले, पापड़, आचार, कैर-सांगरी, बाजरे के बिस्कुट, नमकीन, सोयाबीन उत्पाद एवं लड्डू शामिल हैं। वहीं हस्तशिल्प एवं वस्त्र श्रेणी में बेंगल, फैंसी साड़ियां, कोटा डोरिया, ब्लू पॉटरी एवं पेंटिंग उपलब्ध हैं। घरेलू एवं सौंदर्य उत्पादों में हर्बल साबुन, झाड़ू एवं तेल प्रमुख आकर्षण का केंद्र हैं।
उन्होंने बताया कि 28 जनवरी तक मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, जिले की महिलाओं एवं बालिकाओं द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे योगदान पर संवाद कार्यक्रम तथा कवि सम्मेलन जैसे कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। राज सखी मेले का राजस्थान संस्कृति थीम आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुये, कार्यक्रम का संचालन अनुपमा चीमा ने किया।
इस अवसर पर सीईओ मृदुल सिंह, एसीईओ रेखा रानी, एडीएम शहर राहुल सैनी, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा, सहायक कलक्टर पायल जैन, सेवर बीडीओ विनय मित्र, डीईओं सुरेन्द्र गोपालिया, पीएमओ डॉ. नगेन्द्र भदौरिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।