बाल आधार ऑपरेटर चयन के लिए पारदर्शी लॉटरी आयोजित, तालीम हुसैन का हुआ चयन
खैरथल (हीरालाल भूरानी) जिला खैरथल-तिजारा की ग्राम पंचायत कमलपुर (टपूकड़ा) में बाल आधार ऑपरेटर के चयन के लिए मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय के मीटिंग हॉल में पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की गई।
उपनिदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग अजय यादव ने बताया कि मेरिट सूची में आवेदक तालीम हुसैन एवं श्रीमती अफसाना के समान अंक प्राप्त होने के कारण चयन के लिए लॉटरी प्रक्रिया अपनाने का निर्णय लिया गया था।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 जून को दोपहर 12:30 बजे जिला आधार चयन समिति एवं दोनों संबंधित आवेदकों की उपस्थिति में लॉटरी निकाली गई। लॉटरी के माध्यम से तालीम हुसैन का चयन ग्राम पंचायत कमलपुर (टपूकड़ा) के लिए बाल आधार ऑपरेटर के पद पर किया गया।
यह संपूर्ण चयन प्रक्रिया जिला आधार चयन समिति के अध्यक्ष अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं सदस्य सचिव उपनिदेशक, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की निगरानी में पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न हुई। समिति ने चयन प्रक्रिया के दौरान सभी निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया।


