भीलवाड़ा कोतवाली का कांस्टेबल 6 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार; केस में कार्रवाई और परेशान न करने के एवज में मांगी थी 15 हजार की घूस
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा के कोतवाली थाने में तैनात कांस्टेबल रज्जाक मोहम्मद को 6,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कांस्टेबल एक परिवादी को थाने के चक्कर कटवाने और उसके केस में जल्द कार्रवाई करने के नाम पर परेशान कर रहा था।
- 15 हजार रुपये मांगी थी घूस, पहली किस्त लेते धराया
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, परिवादी ने ब्यूरो के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके खिलाफ कोतवाली थाने में एक प्रकरण दर्ज है। इस मामले में जल्द कानूनी कार्रवाई करने और बार-बार थाने बुलाकर मानसिक रूप से परेशान न करने के बदले कांस्टेबल रज्जाक मोहम्मद 15,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था। एसीबी ने शिकायत का गुपचुप सत्यापन करवाया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि सही पाई गई। इसके बाद मंगलवार को ट्रैप की योजना तैयार की गई।
- रंगे हाथों गिरफ्तारी: मंगलवार को जैसे ही परिवादी रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 6,000 रुपये लेकर पहुंचा, आरोपी कांस्टेबल ने चालाकी दिखाते हुए राशि सीधे हाथ में न लेकर अपनी मोटरसाइकिल की टंकी पर लगे कपड़े के बैग में रखवा दी।
- मौके पर बरामदगी: पैसे बैग में रखते ही इशारा मिलते ही पहले से जाल बिछाकर मुस्तैद खड़ी एसीबी की टीम ने दबिश दी। टीम ने आरोपी कांस्टेबल को डिटेन कर बैग की तलाशी ली, जहां से रिश्वत की पूरी राशि (6,000 रुपये) बरामद कर ली गई।
अजमेर रेंज डीआईजी के सुपरविजन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई एसीबी भीलवाड़ा-प्रथम इकाई के उप अधीक्षक (DySP) पारसमल के नेतृत्व में तथा अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक (DIG) नारायण टोगस के कड़े सुपरविजन में अंजाम दी गई। एसीबी की इस अचानक हुई कार्रवाई से कोतवाली थाने सहित पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसके आवास व अन्य ठिकानों पर तलाशी के साथ आगे की जांच जारी है।


