लायंस क्लब ने डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों को साफा व प्रशंसा पत्र सौंपकर किया सम्मानित
राजगढ़ (अलवर/अनिल गुप्ता) लायंस क्लब राजगढ़ के तत्वावधान में 'राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे' के उपलक्ष्य में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विभिन्न डॉक्टरों को चिकित्सा के क्षेत्र में उनकी उत्कृष्ट और निस्वार्थ सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
लायंस क्लब के सचिव एडवोकेट भूपेन्द्र शर्मा ने बताया कि चिकित्सा सेवा से जुड़े डॉक्टर्स समाज का वो मजबूत स्तंभ हैं, जो दिन-रात मानवता की सेवा में समर्पित रहते हैं। उनके इसी सेवा भाव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए क्लब द्वारा राजगढ़ के स्थानीय डॉक्टरों का पारंपरिक रूप से साफा व माला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके साथ ही उन्हें स्मृति चिह्न के रूप में प्रशंसा पत्र भी भेंट किए गए।
इस गरिमामयी अवसर पर लायंस क्लब के तमाम पदाधिकारी, वरिष्ठ सदस्य और चिकित्सा जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने चिकित्सकों के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए उनके योगदान की सराहना की।


