कठुमर कस्बे के राजकीय विद्यालय को मिला इनवर्टर, विद्यार्थियों को मिलेगी निर्बाध विद्युत सुविधा
कठूमर (दिनेश लेखी) कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कठूमर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुविधा के लिए एक सराहनीय पहल की गई। विद्यालय की प्रधानाचार्या विराज चौहान की प्रेरणा से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहतूकला में कार्यरत सीनियर नर्सिंग ऑफिसर लक्ष्मण सिंह सोलंकी ने विद्यालय को इनवर्टर एवं बैटरी भेंट कर सामाजिक दायित्व का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में इनवर्टर मय बैटरी विद्यालय को सुपुर्द की गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्या विराज चौहान ने लक्ष्मण सिंह सोलंकी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में बिजली बाधित होने की स्थिति में अब पढ़ाई, कार्यालयीन कार्य तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित नहीं होंगी। यह सहयोग विद्यार्थियों के हित में अत्यंत उपयोगी साबित होगा।
सीनियर नर्सिंग ऑफिसर लक्ष्मण सिंह सोलंकी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलता है तथा भविष्य में भी शिक्षा से जुड़े जनहित कार्यों में सहयोग जारी रहेगा।
विद्यालय परिवार ने इस सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायी कार्य समाज के अन्य लोगों को भी शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ ने लक्ष्मण सिंह सोलंकी का सम्मान कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।


