तखतगढ़: शहरी सेवा शिविर में उमड़ी भीड़, भरत सोनी को महज एक घंटे में मिला नया पट्टा
तखतगढ़ (बरकत खान) राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर पालिका तखतगढ़ की ओर से बुधवार को पालिका सभागार में 'शहरी सेवा शिविर 2026' का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में अपनी समस्याओं और कार्यों को लेकर बड़ी संख्या में नगरवासी पहुंचे। शिविर का संचालन प्रशासन एवं उपखंड अधिकारी (SDO) कालूराम कुम्हार के कुशल निर्देशन में हुआ, जहाँ आमजन के कई महत्वपूर्ण काम मौके पर ही निपटाए गए।
एक घंटे में पट्टा पाकर खिले भरत सोनी के चेहरे पर मुस्कान
शिविर की सबसे बड़ी और खास उपलब्धि भरत कुमार सोनी के मामले में रही। सोनी जब अपने पट्टे के नवीनीकरण (Renewal) के लिए शिविर में पहुंचे, तो पालिका प्रशासन ने तत्परता दिखाई। अधिशासी अधिकारी (EO) मगराज चौधरी और पालिका कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी से काम करते हुए महज एक घंटे के भीतर प्रक्रिया को पूरा कर नया पट्टा उनके हाथों में सौंप दिया। इतनी जल्दी पट्टा मिलने पर भरत कुमार सोनी ने खुशी जाहिर करते हुए राज्य सरकार और नगर पालिका प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया।
शिविर के दौरान पालिका की विभिन्न टीमों ने मुस्तैदी से काम किया और आमजन को तुरंत राहत पहुंचाई। इस दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित कार्य किए गए:
- मालिकाना हक का तोहफा: कच्ची बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को उनके आशियाने का मालिकाना हक देते हुए पट्टे वितरित किए गए।
- पट्टा वितरण व नवीनीकरण: धारा 69-क के तहत नए पट्टों का वितरण हुआ और स्टेट एक्ट के तहत पट्टों का नवीनीकरण व विवरण किया गया।
- अन्य सेवाएं: मौके पर ही नामांतरण (Mutation) के लंबित मामलों का निस्तारण किया गया, नए भवन निर्माण की स्वीकृतियां जारी की गईं और जन्म प्रमाण पत्र बनाकर दिए गए। शिविर की सफलता और अधिकारियों की त्वरित कार्यशैली को लेकर नगरवासियों में काफी उत्साह देखा गया।


