भारतीय स्टेट बैंक शाखा किशनगढ़ बास रोड में मनाया स्थापना दिवस
खैरथल (हीरालाल भूरानी) भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की किशनगढ बास रोड स्थित खैरथल शाखा में बुधवार को बैंक का 71वां स्थापना दिवस उत्साह, गरिमा और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर शाखा परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम के तहत ग्राहकों को बैंक की जनहितकारी योजनाओं और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ केक काटकर किया गया। इस मौके पर शाखा प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि संगीता यादव मुख्य कार्यकारी अधिकारी खैरथल क्रय विक्रय सहकारी समिति खैरथल रही| इनके साथ अलवर सैन्ट्रल कोआपरेटिव बैंक प्रबंधक शेष कुमार शर्मा, राजेश शर्मा का सम्मान किया गया। अतिथियों ने एसबीआई की सामाजिक जिम्मेदारियों और ग्राहक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए बैंक परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उप शाखा प्रबंधक खेमचंद वर्मा ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बैंकिंग सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना एसबीआई की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बैंक ग्राहकों को सुरक्षित, सरल और बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार नवाचार और तकनीकी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।
डिजिटल बैंकिंग के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को भी प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित ग्राहकों को एसबीआई की विभिन्न योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। समारोह में बैंक कर्मचारी राजेंद्र,ज्योति यादव, नंदकिशोर यादव , सक्षी खंडेलवाल, होशियार, संदीप कुमार, बैंक गार्ड जितेन्द्र सिंह सहित नगर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में बैंक ग्राहक मौजूद रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, सेवा भावना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिला।


