ग्रामीण सेवा शिविर बना किसान के लिए उम्मीद की नई किरण 40 हजार की अनुदान राशि हुई स्वीकृत
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें राहत पहुंचाने में प्रभावी साबित हो रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत बझेरा कलां के प्रगतिशील किसान रामस्वरूप पुत्र फत्ते को ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से बड़ी राहत मिली।
रामस्वरूप अपनी कृषि भूमि पर लगातार खेती कर रहे थे, लेकिन आवारा पशुओं के कारण उनकी फसलें बार-बार नष्ट हो रही थीं। दिन-रात खेतों की रखवाली करने के बावजूद फसलों को बचाना मुश्किल हो रहा था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे अपने खेत के चारों ओर मजबूत तारबंदी कराने में असमर्थ थे, जिससे उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। ग्राम पंचायत बझेरा कलां में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसान की समस्या को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने उन्हें राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत खेत की तारबंदी योजना की जानकारी दी और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करवाया। शिविर में ही आवेदन का त्वरित परीक्षण कर उसे स्वीकृत किया गया तथा किसान को 40 हजार रूपये की अनुदान राशि स्वीकृत करने की अनुशंसा की गई।
शिविर में मिली इस त्वरित सहायता से किसान रामस्वरूप ने राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब वे अपने खेत की प्रभावी तारबंदी कर सकेंगे, जिससे आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा होगी, उत्पादन बढ़ेगा और आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। रामस्वरूप ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान कर सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।


